सेक्टर बीटा-वन में देर रात तक म्यूजिक बजाकर शराब के नशे में महिला मित्रों के साथ पार्टी करना छात्रों को भारी पड़ गया। शोर से परेशान पड़ोसियों ने सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस बुलाकर सभी छात्रों को हवालात भिजवा दिया। हालांकि अगले दिन सुबह माफी मांगने के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।
सेक्टर बीटा वन में शुक्रवार शाम से चार छात्र अपनी महिला मित्रों के साथ कमरे पर पार्टी कर रहे थे। सभी नशे में धुत थे और म्यूजिक बजाकर शोर करते हुए डांस कर रहे थे। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। पड़ोसियों ने इसका विरोध किया फिर भी छात्र नहीं माने।
आखिरकार परेशान होकर लोगों ने सेक्स रैकेट चलने का आरोप लगाते हुए इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पुलिस पहुंची, तो देखा कि लड़के-लड़कियां पार्टी कर रहे थे। पुलिस सभी लड़कों को थाने ले गई, जबकि लड़कियों को उनके हॉस्टल छोड़ा। एसपी देहात अभिषेक यादव ने बताया कि सुबह होने पर पुलिस ने सभी छात्रों से माफीनामा लिखवाया। छात्रों के भविष्य को देखते हुए उन्हें छोड़ दिया गया है। हालांकि उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।