रिटायर्ड कर्नल से जीवन बीमा पॉलिसी के नाम पर निजी बैंक के एजेंट ने 1.24 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने सेक्टर-20 थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-14 के सी ब्लॉक निवासी आरएन पंडित (84) को दिल्ली निवासी विनय चड्ढा ने लाखों रुपये की पॉलिसी बेच दी। इसकी किस्त आरोपी बुजुर्ग से लेता रहा, लेकिन रुपये जमा नहीं किए।
बुजुर्ग का पता भी कंपनी के रिकार्ड में बदल दिया गया। रुपये जमा नहीं होने पर बुजुर्ग की किस्त बंद होने को लेकर कंपनी ने पत्र भेजे जो उन्हें मिले ही नहीं। इसके बाद कंपनी ने उनकी पॉलिसी बंद कर दी।
कर्नल का आरोप है कि विनय के साथ कंपनी के कर्मचारी भी मिले हुए हैं। बिना कर्मचारियों की मिलीभगत के कंपनी में उनका डाटा बदला नहीं जा सकता। पांच वर्ष में विनय ने उनसे 1.24 करोड़ रुपये ले चुका है।
'2010 से कंपनी का एजेंट जीवन बीमा पॉलिसी के नाम पर पिता से रुपये वसूल रहा था। उसने 1.24 करोड़ रुपये ऐंठ लिए और फरार हो गया।' - कर्नल संजीव पंडित, पीड़ित के बेटे
'मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।' - दिनेश यादव, एसपी सिटी