नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच से 32 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए। टूंडला, फिरोजाबाद (यूपी) निवासी ज्वेलर परवेंद्र कुमार चांदनी चौक से गहने खरीदकर लेकर जा रहा था।
उसने आशंका जताई है कि बदमाश उसका चांदनी चौक से ही पीछा कर रहे थे। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को जब्त कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, परवेंद्र ने 11 जून को चांदनी चौक के कई दुकानों से करीब 32 लाख के सोने के जेवरात खरीदे। इसके बाद चांदनी चौक से मेट्रो से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां वह पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार हुआ। सीट के नीचे बैग रखने के बाद वह बाथरूम चला गया।
वापस आने पर बैग गायब था। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। नई दिल्ली रेलवे पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पीड़ित ने बताया कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से उसके पीछे-पीछे तीन लोग प्लेटफॉर्म तक पहुंचे थे। जब वह कोच में चला गया तब भी तीनों बाहर खड़े थे, लेकिन उसके बाथरूम से बाहर निकलने के बाद सभी जा चुके थे। पीड़ित ने उन्हीं तीन लोगों पर चोरी करने का आरोप लगाया है।