मंडावली इलाके में कूलर में नशीला पदार्थ डालकर घर पर हाथ साफ करने का मामला सामने आया है। वारदात के समय पीड़ित परिवार घर पर सो रहा था। इस बीच गली में लगे कूलर में बदमाशों ने कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया।
परिवार के सदस्यों के नशा होने पर आरोपियों ने खिड़की की जाली काटकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता परिवार की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गौरव शर्मा (30) अपनी मां और बहन के साथ गली नंबर-7, स्कूल ब्लॉक मंडावली में ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। गौरव ने अपनी खिड़की पर गली में कूलर लगाया हुआ है।
कैश और घर में रखे मोबाइल पर चोरों ने किया हाथ साफ
लूट
शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे तक वह परिवार के साथ जगते रहे। बाद में सो गए। इस बीच रविवार जब परिवार सोकर उठा तो देखा कि घर का सारा सामान फैला हुआ था। गौरव, उसकी मां और बहन का सिर भी भारी था।
घर से तीन मोबाइल व 31 हजार कैश गायब था। बदमाशों ने घर में दाखिल होने के लिए खिड़की की जाली को काटा हुआ था।गौरव ने आशंका जताई कि बदमाशों ने कूलर में कुछ नशीला पदार्थ डाला, जिसकी वजह से परिवार नशे में हो गया और उसे चोरी का पता नहीं चला।
इस वारदात से सभी लोग दंग हैं। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस वारदात की छानबीन कर रही है।