कंझावला इलाके में बुधवार तड़के हुई मुठभेड़ में मारे गए बदमाश के परिजनों ने कंझावला-रोहिणी रोड पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने करीब पांच घंटे तक जाम लगाए रखा।
परिजन गोली चलाने वाले दिल्ली पुलिस के हवलदार विक्रम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के अलावा मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस व क्षेत्रीय एसडीएम ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया।
मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजनों ने गोली चलाने वाले हवलदार पर एफआईआर दर्ज हुए बिना अभिषेक का शव लेने से इनकार कर दिया है। मुठभेड़ में मारे गए युवक अभिषेक के पिता सतीश ने आरोप लगाया है कि कार लूटने वाले बदमाश को बचाने के लिए ही उनके बेटे को पुलिस ने मारा है।