झट्टा बदौली गांव में एक क्लीनिक संचालक और आरएमपी डॉक्टर की शुक्रवार देर रात चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे तीन बीघा जमीन की रंजिश की बात सामने आ रही है।
डॉक्टर के बेटे ने दूसरे पक्ष के चार भाई सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या की शिकायत दी है। झट्टा बदौली गांव निवासी डॉ. पन्ना लाल का गांव में ही क्लीनिक और मेडिकल स्टोर है।
क्लीनिक के ऊपर उनका घर है। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे वह मेडिकल स्टोर पर बैठा था। उसी दौरान दो युवकों ने मेडिकल स्टोर में घुसकर चाकू से गला रेत दिया। चाकू से कई वार कर हत्या कर दी।
तीन बीघा जमीन को लेकर था विवाद
हत्या
डॉक्टर के बेटे ने इसकी जानकारी नॉलेज पार्क पुलिस को दी। डॉ. पन्ना लाल के पुत्र ओमदत्त शर्मा की तहरीर पर दूसरे पक्ष के चार सगे भाई आजाद, हरीश, हरिओम, तेजवीर समेत नीतीश और मोहित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोपी पक्ष उनके मकान के पड़ोस में ही रहता है। मौके पर पुलिस सुरक्षा लगा दी गई है। वहीं, हत्या के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। हालांकि बताया जा रहा है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ज्यादा खुराक लेता है आरोपी
डाक्टर की हत्या के आरोपी एक युवक के परिजन ने बताया कि बॉडी बनाने के चक्कर में 2014 से एस्टरॉयड की ज्यादा खुराक लेने लगा। इसके बाद उसको एस्टरॉयड की लत लग गई।
परिजन ने बताया कि दवा की ज्यादा खुराक लेने के बाद से वह मानसिक रूप से विचलित रहता था। यहां तक कि अक्सर उनके साथ भी मारपीट करता है तभी से उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वह सोमवार को एसएसपी से मिलकर गुहार लगाएंगे।