जुन्हेड़ा गांव में रहने वाले श्याम की पत्नी सरिता की संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उसका शव अपने कमरे में फांसी पर लटकता मिला था। मृतका के पिता वेदपाल वहोरी ने दामाद श्याम, सास, ससुर, जेठ, जेठानियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने की वजह से विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वेदपाल वहोरी के मुताबिक उन्होंने 3 साल पहले सरिता का विवाह श्याम से किया था।
आरोप है कि शादी के बाद से ही श्याम और ससुरालीजन बेटी को कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करते और मायके से दहेज लाने का दबाव डालते। 10 दिन पहले बेटी ने फोन कर उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की थी। बृहस्पतिवार को करीब 12:30 बजे जेठ संजय ने उन्हें फोन कर बेटी की मौत होने की सूचना दी।
उनके मुताबिक ससुरालियों ने मिलकर सरिता को फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी। महिला थाना एसएचओ इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि पति और ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।