क्रॉसिंग्स रिपब्लिक की एसोटेक टावर के फ्लैट में विदेशी बैंक के मैनेजर शरद सेठ की पत्नी सपना सहगल (28) ने शुक्रवार शाम चुन्नी से फंदा बना पंखे पर लटककर जान दे दी।
सपना की मां की एक माह पहले कैंसर से मौत हो गई थी, जिससे वह दुखी थी। फ्लैट से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि मां उसे बहुत प्यार करती थी। उनके बिना वह भी जिंदा नहीं रह सकती है, इसलिए आत्महत्या कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओ विजयनगर ने बताया कि सपना की शादी एक साल पहले शरद से शादी हुई थी। लखनऊ निवासी शरद विदेशी बैंक की नोएडा स्थित ब्रांच में टीम मैनेजर हैं। उनकी पत्नी सपना जयपुर की रहने वाली थी।
मुखर्जी नगर से सिविल सर्विसिज की कोचिंग कर रही थी। सपना के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। सपना एसोटेक टावर के फ्लैट नंबर बी-106 में पति शरद और मां के साथ रहती थी।
सपना की मां की एक माह पहले इसी फ्लैट में कैंसर के कारण मौत हो गई थी। शरद ने बताया कि वह शुक्रवार रात आठ बजे ऑफिस से घर लौटे तो फ्लैट का दरवाजा खुला मिला।
अंदर बेडरूम में सपना फंदे पर लटकी हुई थी। उसे फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना कंट्रोल रूम में दी और एंबुलेंस के लिए 108 नंबर भी मिलाया। एसओ ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी।
सपना का था आईएएस बनने का सपना
पति ने बताया कि सपना सहगल सिविल सर्विसिज की तैयारी कर रही थी। वह आईएएस बनना चाहती थी। मां की मौत के बाद वह डिप्रेशन में थी।