अवैध संबंध के शक में एक युवक ने सोती हुई कांस्टेबल पत्नी पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए और खुद ही थाने जाकर सरेंडर कर दिया। डासना जेल के स्टाफ क्वार्टर में बृहस्पतिवार देर रात यह वारदात हुई।
महिला की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने जेल प्रशासन को सूचना दी। जेल प्रशासन ने गंभीर हालत में महिला कांस्टेबल को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। उसके सिर, चेहरे, हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर घाव हैं।
जेल अधीक्षक एसपी यादव ने आरोपी के खिलाफ मसूरी थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर मसूरी पुलिस का दावा है कि आरोपी को उन्होंने पकड़ा है। उसके कब्जे से फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
डासना जेल अधीक्षक एसपी यादव ने बताया कि महिला कांस्टेबल सुनीता देवी को इसी साल मऊ से गाजियाबाद में तैनाती मिली है। वह बंदी रक्षक है।
उसका पति सुनील नोएडा स्थित सर्जिकल उपकरण बनाने की एक प्राइवेट कंपनी में मशीन ऑपरेटर है। दोनों गाजीपुर के रहने वाले हैं। इनके दो बेटे टिंकू (2) और आयुष (8) हैं, जो गाजीपुर में नानी के घर रहते हैं।
जेल अधीक्षक ने बताया कि रात करीब साढे़ 12 बजे सुनीता कमरे में सो रही थी। इस दौरान सुनील ने फावडे़ से उस पर जानलेवा हमला किया। सुनीता की चीख सुनकर पड़ोसियों ने जेल पुलिसकर्मियों और कंट्रोल रूम को सूचना दी थी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो सुनीता कमरे में लहूलुहान पड़ी थी। जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टर ने बताया कि महिला को गंभीर घाव लगे हैं। उसकी सर्जरी की गई है। फिलहाल उसे आईसीयू में रखा गया है।
रिकार्डिंग सुनी तो खो बैठा आपा
घटना के एक घंटे बाद खुद ही थाने पहुंचे आरोपी सुनील ने बताया है कि उसे कई दिनों से शक था कि पत्नी के अवैध संबंध जेल स्टाफ क्वार्टर में ही रहने वाले एक सिपाही से हैं।
बृहस्पतिवार रात मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग में पत्नी और सिपाही के बीच हुई बातें सुनीं तो आपा खो बैठा। सुनील ने बताया कि वह डासना जेल में सेफ नहीं रहेगा।
आरोपी ने बताया कि जिस सिपाही पर उसे शक है, वह बंदीरक्षक है। जेल में ही तैनात है, ऐसे में मुमकिन है कि उस पर हमला हो सकता है। उधर, पुलिस ने कांस्टेबल के परिजनों को सूचना दे दी गई है।