-जैसे ही पुलिस ने एंट्री की वहां मौजूद दो किडनैपर्स ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन राउंड और बदमाशों ने 5 राउंड फायरिंग की। जिसमें एक हमलावर मारा गया और दो घायल हैं। बच्चा काफी डरा हुआ था पुलिस के पहुंचने पर भी वो उनके पास नहीं जा रहा था।
-तीनों हमलावर दिल्ली के गोकुलपुरी के रहने वाले हैं। जिसमें से रवि मारा गया है। नितिन और पंकज घायल हैं।
-बदमाशों ने रेहान के बदले 60 लाख की फिरौती की मांग की थी।
-क्राइम ब्रांच ने इसे ऑपरेशन सी रिवर नाम दिया था।
-इसे ऑपरेशन सी रिवर इसलिए नाम दिया गया था क्योंकि बच्चे को छोड़ने और फिरौती लेने की जो डील होनी थी क्रॉस रिवर मॉल में हुई थी।
दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके से अपहरण किए गए कक्षा एक के छात्र को दिल्ली की क्राइम ब्रांच टीम ने बुधवार की सुबह छुड़ा लिया है। पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश को मार गिराया है।
एनकाउंटर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके से अपहरण किए गए पांच साल के बच्चे को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में छिपाकर रखा गया है।
सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने उस फ्लैट की घेरबंदी की, जिसमें रेहान गुप्ता को बंधक बनाकर रखा था। पुलिस ने जब फ्लैट का गेट खुलवाया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
फायरिंग में एक बदमाश मारा गया। जबकि दो घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि 25 जनवरी की सुबह को छात्र का अपहरण हुआ था। नर्सरी क्लास में पढ़ने वाला रेहान गुप्ता अपनी बहन के साथ सुबह करीब 7.30 बजे बस में सवार हुआ था।
बाइक सवार दो बदमाशों ने दिलशाद गार्डन इलाके में बस को रुकवाया और छात्र का अपहरण कर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने ड्राइवर को गोली मार दी थी। बदमाशों ने बच्चे के परिजनों से 60 लाख की फिरौती मांगी थी।