साइबर सिटी के सेक्टर-52 में बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए एक टैंपो चालक से टैंपो लूट लिया। बदमाश चालक से नकदी, मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस भी छीन ले गए। पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से यूपी के जिला फिरोजाबाद के गांव नरखी निवासी इंद्रपाल सिंह यहां वजीराबाद में रहते हैं। वह शहर मेें टैंपो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में इंद्रपाल ने बताया है कि 22 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे वह अपना टैंपो लेकर आ रहा था।
जब वह सेक्टर-52 में पहुंचा तो वहां चार युवकों ने उसका टैंपो रुकवाया। इन युवकों ने उसे टैंपो से बाहर खींच लिया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने हथियार निकाल लिए और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए काबू कर लिया।
इसके बाद बदमाश टैंपो में सवार हो गए और उससे तीन हजार रुपये, मोबाइल और उसका ड्राइविंग लाइसेंस छीन लिया तथा फरार हो गए। बाद में पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।