उत्तर पश्चिम जिला के स्पेशल स्टाफ ने राजस्थान में नौकरी दिलाने के नाम पर दस हजार लोगों से करीब दस करोड़ रुपये की ठगी करने वाले शख्स को पीतमपुरा इलाके गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था और पिछले 12 साल से रोहिणी इलाके में रह रहा था। आरोपी की पहचान विशाल यादव (37) के रूप में हुई है गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से राजस्थान पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले गई।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के उप निरीक्षक राम मनोहर को सूचना मिली कि राजस्थान में करोड़ों की ठगी करने वाला विशाल यादव रोहिणी इलाके में रह रहा है।
विज्ञापन
उस पर राजस्थान में ठगी के दस मामले दर्ज हैं। जांच में पता चला कि आरोपी पर इनाम घोषित करने के बाद राजस्थान पुलिस ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी थी और उसके दिल्ली में होने की बात कहकर गिरफ्तारी में मदद की अपील की थी।
सख्ती से पूछताछ करने पर अपराध किया स्वीकार
गिरफ्तार विशाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की टीम ने विशाल पर निगरानी रखनी शुरू कर दी और 13 जुलाई को पीतमपुरा से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन और फॉरच्यूनर कार बरामद की।
आरोपी से दर्ज मामलों के बारे में पूछताछ की। पहले तो उसने चकमा देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिए।
विशाल ने बताया कि वर्ष 2003-04 में उसने राजस्थान में चार अन्य सहयोगियों के साथ गणपति इंटरप्राइजेज नाम का फर्म बनाया। उन लोगों ने समाचार पत्र में डाटा इंट्री ऑपरेटर के पद के लिए आवेदन निकाला।
जिसमें आवेदन करने वालों को दो साल की नौकरी की गारंटी दी गई। साथ ही आवेदन करने वालों से 65 सौ के बैंक ड्राफ्ट लिए गए। आवेदन करने वाले करीब दस हजार लोगों से दस हजार करोड़ रुपये मिलने के बाद सभी आरोपी फर्म बंद कर वहां से फरार हो गए।
मुलायम सिंह यादव के साथ विशाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
पीड़ितों ने उनके खिलाफ कोटा में आठ और जयपुर में दो ठगी के मामले दर्ज करवाए। उसके बाद से राजस्थान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
फाइनेंस और शराब के ठेके में लगाए रुपये
पूछताछ में विशाल ने बताया कि राजस्थान से रुपये लेकर भागने के बाद वह दिल्ली पहुंचा। दिल्ली में ठगी के रुपये को फाइनेंस और शराब के ठेकों में लगा दिया। इसके अलावा वह सेंट मारग्रेट एजूकेशनल सोसाइटी से भी जुड़ गया।
मूलत: नैनापुर, गढ़ मुक्तेश्वर, हापुड़ निवासी विशाल शादीशुदा है और सेक्टर 18 रोहिणी में रहता है। उसने चुरू राजस्थान से एलएलबी किया है। उसके परिवार का कपड़ों का कारोबार है और चांदनी चौक में दुकान है।
राजनीति में भी सक्रिय था आरोपी
छानबीन में पता चला कि विशाल एक बड़े नेता के संपर्क में था और राजनीति में भी सक्रिय था। पुलिस को कई नेताओं के साथ उसके फोटो मिले हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह राजनीति में सक्रिय था और जल्द ही किसी पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा था।