गुरुग्राम के एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 गुरुग्राम की टीम के पास ड्रग्स तस्करों की सूचना थी। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी नरेंद्र चौहान व उनकी टीम ने गुरुग्राम-सूरजकुंड रोड पर नाकेबंदी कर दी। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। रात को करीब दो बजे गुरुग्राम की तरफ से आती एक टैक्सी को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
टैक्सी चालक मयूर विहार, दिल्ली निवासी फैजल हसन ने नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाड़ी के दस्तावेज दिखाने चाहे, मगर पुलिस ने कार में सवार विदेशी नागरिकों को बाहर बुलाने के लिए कहा। इस पर एक युवक कार से निकलकर तेजी से पहाड़ की तरफ भागा, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
नरेंद्र चौहान व एक पुलिसकर्मी ने भागने वाले का पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। खुद को बचाते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसके हाथ को पीछे की ओर मोड़कर उससे पिस्तौल छीनने का प्रयास किया, मगर छीना-झपटी में पिस्तौल चल गई। गोली नाइजीरियन युवक की पीठ में लगकर दिल को भेदती हुई पार हो गई। पुलिस टीम घायल नाइजीरियन को एशियन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान घाना निवासी माइकल चार्ल्स और उसके साथी की पहचान इचकू इयाना के रूप में हुई है। मूलरूप से घाना, नाइजीरिया निवासी माइकल चार्ल्स और उसका साथी इचकू इयाना फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। दोनों यहां स्टूडेंट वीजा पर आए थे। माइकल का वीजा खत्म हो चुका था और वह यहां अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस ने नाइजीरियन दूतावास को घटना की जानकारी दे दी है।