रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर बुधवार सुबह एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसकी पहचान जयराम (22) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आत्महत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की वजह से मेट्रो परिचालन 15 मिनट तक बाधित रहा। बाद में रूट सामान्य हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार का रहने वाला जयराम अपने परिवार के साथ बाहरी दिल्ली के नाहरपुर गांव में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे जयराम मेट्रो स्टेशन पर पहुंचा। कुछ देर मोबाइल हाथ में लेकर वह किसी को मैसेज करता रहा।
इसके बाद अचानक रिठाला की ओर जा रही मेट्रो के आगे कूद गया। हादसे के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने मामले की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी। बाद में उसे गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मेट्रो स्टेशन पर लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, मृतक के पास से पुलिस को एक मोबाइल बरामद हुआ है, जिससे पता चला कि आत्महत्या से पूर्व जयराम ने किसी युवती को मैसेज किया था। पुलिस फोन डिटेल के आधार मामले की छानबीन कर रही है।