आयुध निर्माणी परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय गेट के बाहर सोमवार को बाइक सवार एक युवक ने कक्षा 9 वीं के छात्र पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
छात्र ने इसकी सूचना निर्माणी मेन गेट के पास स्थित चैक पोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी। बताया गया है कि निर्माणी सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया।
डिफेंस कालोनी निवासी छात्र के मुताबिक सोमवार दोपहर छुट्टी के बाद विद्यालय के गेट के बाहर बाइक सवार दो युवक आए। एक युवक उतरा और स्कूल की एक छात्रा के बारे में पूछने लगा।
छात्र के जवाब देने पर युवक भड़क गया और छात्र की कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घबराए छात्र ने वारदात की सूचना मेन गेट स्थित निर्माणी चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को दी।
सुरक्षा कर्मियों ने पिस्टल समेत आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन चेतावनी देकर छोड़ दिया। छात्र ने सारी बात प्रिंसिपल को बताई। प्रिंसिपल आशा उपाध्याय का कहना है कि आरोपी पर कार्यवाही होगी।
आरोपी युवक धेदा का रहने वाला है और बराबर में दुकान करता है। आयुध निर्माणी संयुक्त महाप्रबंधक एके ठाकुर का कहना है कि प्रिंसिपल ने शिकायती पत्र दिया गया है।