पुरानी खुन्नस के चलते शनिवार शाम संजय नगर सेक्टर-23 की मॉडल शॉप खून से लाल हो गई। मुरादनगर के 12वीं के छात्र अंकित त्यागी की गर्दन में शराब की बोतल घोंप दी गई।
गंभीर हालत में उसे संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत चिंताजनक है। पुलिस ने तीन आरोपी मनवीर, भूपेंद्र और प्रदीप निवासी रईसपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
मनवीर अंकित के बड़े भाई सुमित को गोली मारने के आरोप में जेल गया था। तभी से दोनों पक्षों में खुन्नस चली आ रही है। रविवार को अंकित का रिश्ता तय होना था।
एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि वर्ष 2013 में अंकित के बड़े भाई सुमित और मनवीर पार्टनरशिप में ठेकेदारी करते थे। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े में सुमित को गोली मार दी गई थी।
इस मामले में मनवीर जेल गया था। इन दिनों जमानत पर छूटा है। अंकित सुमित के साथ सेक्टर-23 संजय नगर में रहता है। एसएचओ ने बताया कि वारदात के दौरान मनवीर, भूपेंद्र और प्रदीप मॉडल शॉप में शराब पी रहे थे।
दूसरी तरफ से अंकित दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। आमना-सामना हुआ तो पुरानी खुन्नस के चलते मारपीट हो गई। अंकित की गर्दन में शराब की बोतल तोड़कर वार कर दिया गया। वह लहूलुहान हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपियों को जानलेवा हमले के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ने बताया कि रविवार को अंकित का रिश्ता होना तय किया गया था।