संदिग्ध हालत में केमिकल पीने वाली 10वीं की छात्रा रितिका को सफदरजंग अस्पताल में शुक्रवार को होश आ गया। डॉक्टरों का कहना है कि छात्रा की आवाज चली गई है।
शनिवार शाम तक उसने पुलिस को कोई बयान नहीं दिया। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा के जिन दो दोस्तों को हिरासत में लिया था, उन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने संगम विहार से कालकाजी स्थित स्कूल के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला है। करीब तीन से चार जगहों की फुटेज को खंगाला गया है।
हर जगह छात्रा अकेली आती हुई दिखाई दे रही है। अब छात्रा के बयान के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि छात्रा ने केमिकल खुद पीया है या उसे पिलाया गया है।
गौरतलब है कि संगम विहार में रहने वाली छात्रा रितिका(15) कालकाजी स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक बाल विद्यालय-दो में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। छात्रा बुधवार को स्कूल गई थी। वह स्कूल तक नहीं पहुंच पाई थी और के-ब्लॉक, कालकाजी के गोलचक्कर पर बैठ गई।
एक ऑटो चालक रितिका को स्कूल ले गया। बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। मां ने आरोप लगाया था कि दो युवक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते थे और विरोध करने पर उसे तेजाब पिला दिया था।