आईएसबीटी कश्मीरी गेट के टिकट काउंटर पर बैठे हरियाणा रोडवेज कर्मी की बुधवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। आरोप है कि पुराने नोट बदलने का विरोध करने पर कर्मी को इतना प्रताड़ित किया गया कि उसे दिल का दौरा पड़ गया।
साथी की मौत से नाराज रोडवेज कर्मी हड़ताल पर चले गए और बृहस्पतिवार को दिल्ली से हरियाणा रोडवेज की एक भी बस नहीं चली। यहां से हरियाणा रोडवेज की रोजाना करीब 1000 बसें चलती हैं। खबर मिलते ही फरीदाबाद और गुरुग्राम के रोडवेज कर्मियों ने भी काम बंद कर दिया था।
देर शाम हरियाणा सरकार ने आईएसबीटी में तैनात हरियाणा रोडवेज की ट्रैफिक प्रबंधक ऋतु शर्मा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया, जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौट गए। कश्मीरी गेट पर काउंटर नंबर-33 पर सुंदर नाम का कर्मचारी ड्यूटी पर था।
साथ में नसीब सिंह थे। नसीब का आरोप है कि बुधवार शाम हरियाणा रोडवेज का इंस्पेक्टर इंद्रेश पुराने नोट बदलने के लिए काउंटर पर आया, लेकिन सुंदर ने मना कर दिया। इसके बाद शाम छह बजे एक घंटे के भीतर सुंदर को तीन बार पैंट नीचे तक उतारकर चेक किया गया।
उसका टिफिन तक चेक किया गया। चेकिंग टीम के वापस जाते समय सुंदर बेहोश होकर गिर पड़ा। मगर चेकिंग टीम नहीं रुकी। पीसीआर उसे अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत हो गई थी। हड़ताल में शामिल विनोद ने बताया कि सुंदर (29) झज्जर के छारा गांव का था।
वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। विनोद ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के अधिकारी नोटबंदी के बाद से नोटबदली का काम कर रहे हैं। नसीब का आरोप है कि यह सब कुछ हरियाणा रोडवेज की ट्रैफिक इंस्पेक्टर ऋतु शर्मा के कहने पर हुआ। क्योंकि रितू के भाई की शादी का पूरा पैसा यहीं से बदला गया। तब तक कोई चेकिंग नहीं हुई। शादी खत्म होते ही जब नोट बदली के लिए मना किया गया तो परेशान करने के लिए चेकिंग होने लगी।