दनकौर कोतवाली के अटटा गुजरान में रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने दो साल की बच्ची को कुचल दिया। घायल अवस्था में बच्ची को दनकौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले में पीड़ित परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। अट्टा-गुजरान गांव निवासी कुलदीप नागर ने बताया कि उसकी दो साल की बेटी ईशिता रविवार शाम घर के गेट पर खड़ी थी।
तभी गांव का ही रहने वाला एक युवक तेज रफ्तार में कार लेकर वहां से गुजरा। जिसने लापरवाही से कार चलाते हुए उसकी बेटी के ऊपर कार चढ़ा दी। जिसके चलते उनकी बेटी बुरी तरह से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से आसपास के लोगों को आता देख फरार हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते ही उनकी बेटी पर कार चढ़ाई है। घायल बच्ची को पीड़ित परिजनों ने दनकौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।