बाहरी दिल्ली के विजय विहार थाना इलाके में नशा लेने से मना करने पर नाबालिग बेटे ने पिता की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने नाबालिग बेटे को पकड़ लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर बुधवार को परिजनों को सौंप दिया है।
बाहरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार निवासी सुरेंद्र (42) यहां बुद्ध विहार फेज-दो विजय विहार में परिवार के साथ रहता था। परिवार में तीन बेटे, एक बेटी व पत्नी है।
सुरेंद्र का 16 वर्षीय छोटा बेटा सोनू (बदला हुआ नाम) पढ़ाई नहीं करता है और नशे का आदी है। वह स्लोचन (पंचर बनाने में काम आने वाला केमिकल) का नशा करता था।
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा
पुलिस
- फोटो : file photo
मंगलवार रात को पिता ने सोनू को स्लोचन लेने से मना कर दिया। जब सोनू नहीं माना तो सुरेंद्र ने स्लोचन को छिपा दिया। इससे सोनू आग बबूला हो गया। जब सुरेंद्र छत पर चले गए तो वह भी पीछे-पीछे चला गया और बहस करने लगा।
यहां भी स्लोचन देने से मना करते ही सोनू ने सुरेंद्र पर रसोई में प्रयोग होने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि सोनू ने कुल पांच से छह बार चाकू मारे थे।
सुरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विजय विहार थाना पुलिस ने सोनू को बुधवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।