बदरपुर थाना इलाके में 22 वर्षीय बेटे ने बुधवार रात को किसी विवाद में पिता पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वह पिता के सिर पर तब तक वार करता रहा, जब तक मौत नहीं हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद से ही बेटा फरार है और उसे पकड़ने के लिए बदरपुर थाने की कई टीमें बनाई गईं हैं। टीमें बृहस्पतिवार को दिनभर आरोपी बेटे की तलाश में छापे मारती रहीं।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तौहिद (55) परिवार के साथ ताजपुर पहाड़ी में रहता था। वह बुधवार रात को पत्नी व बेटे आजाद के साथ घर की छत पर खाना खा रहा था। खाने के दौरान किसी बात पर पिता-पुत्र में विवाद हो गया।
विवाद में आजाद ने तौहीद के सिर पर डंडे से वार करना शुरू कर दिया। वह पिता के सिर पर तब तक वार करता रहा, जब तक लहूलुहान होकर नहीं गिर गया। तौहीद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात के बाद से ही आजाद फरार है। आजाद के गिरफ्तार होने के बाद ही पता लगेगा कि उसने अपने पिता की क्यों हत्या की है। पुलिस ने तौहिद की पत्नी से पूछताछ की थी, मगर पत्नी विवाद के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता रही।