जीटीबी एंक्लेव इलाके में वुमन सेल में पेशी के दौरान हुए झगड़े में ससुर को मुक्का मारने वाले दामाद और अन्य के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस की मानें, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ससुर मनोज (45) की मौत सिर में अंदरूनी चोट लगने की वजह से हुई। इसी आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी दामाद पवन अपने साथियों के साथ फरार है।
पुलिस के मुताबिक, मनोज परिवार के साथ डी-1 नंद नगरी में रहता था। वर्ष 2012 में मनोज ने अपनी बेटी नेहा की शादी एमएस पार्क निवासी पवन से की थी।
शादी के कुछ ही दिनों बाद नेहा को पवन व उसके परिजनों ने परेशान करना शुरू कर दिया। करीब दो माह पूर्व मनोज ने वुमन सेल में मामले की शिकायत की थी। बुधवार को उसकी तारीख थी।
नेहा अपने पिता के साथ आई थी, जबकि पवन अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा था। तारीख के बाद बाहर निकलने पर पवन ने मनोज पर हमला कर दिया, जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई थी।