सींचपाल गुलाब सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छोटे बेटे ने ही पिता के थप्पड़ मारने से नाराज होकर सीने में चाकू घोंपकर हत्या की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
फफराना रोड ब्रह्मपुरी गली नंबर- 5 पांच निवासी गुलाब सिंह बुलंदशहर में सिंचाई विभाग में सींचपाल थे। 27 जून को उनकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बड़े बेटे प्रशांत ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीओ राजेश सिंह ने बताया कि शुरूआत से ही पुलिस को परिजनों पर शक था। परिजनों के अलग-अलग बयान और मुखबिरों की सूचना पर मृतक के छोटे बेटे (17) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।