सोसायटीज में चोरी-लूट रोकने के लिए पुलिस नई तरकीब अमल में लाएगी। पुलिस अब सोसायटीज में चोर-लुटेरों की फोटो चस्पा कराएगी और आसपास के जिलों की पुलिस को भी भिजवाया जाएगा।
सोसायटी में रहने वालों और सिक्योरिटी गार्डों को सावधान रहने की हिदायत दी जाएगी। इनमें से कोई भी सोसायटी में दिखने पर तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम को देने की अपील की जाएगी।
दरअसल, काफी समय से गाजियाबाद में लुटेरे और चोर सोसायटीज में दिनदहाड़े वारदात कर रफूचक्कर हो जाते हैं। यहां बाइक चोरी तो आम बात हैं। इनमें से एक्का-दुक्का वारदातों को छोड़ दें तो अधिकांश का पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
सीसीटीवी फुटेज में आने के बावजूद भी पुलिस नहीं पकड़ पाती है। इसे लेकर रेजीडेंट्स में बिल्डर, आरडब्ल्यूए, सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस के खिलाफ गुस्सा है।
शुक्रवार को राजनगर एक्सटेंशन में इंजीनियर के फ्लैट में लूट हुई थी। इसके अलावा क्रॉसिंग्स के फ्लैटों में भी चोरियां हुई हैं। वहां के रेजीडेंट्स ने भी प्रदर्शन किया था। सोसायटीज में वारदात रोकने के लिए पुलिस ने ये नई प्लानिंग की है।