मौजपुर इलाके में एक कारोबारी से 25 लाख रुपये लूट के मामले में उत्तर पूर्वी जिला पुलिस ने आम आदमी पार्टी नेता समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से 16 लाख रुपये नकद, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पुलिस का दावा है कि आप नेता लूट के माल को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाता था। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने लूटपाट और झपटमारी के 20 मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त डॉक्टर एके सिंघला ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान कर्दमपुरी निवासी नदीम (23), मोहम्मद यूसुफ (19), गोकलपुरी निवासी जीतेंद्र (27), चौहान बांगर निवासी नावेद (22), नजीब (24) और सबाब (26) के रूप में हुई।
आरोपी नजीब आप के जाफराबाद यूथ विंग का अध्यक्ष है
आम आदमी पार्टी
इनमें आरोपी नजीब आप के जाफराबाद यूथ विंग का अध्यक्ष है। उन्होंने बताया कि इंद्रापुरम निवासी विपुल जैन का केमिकल का कारोबार है। 12 मार्च को वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए मौजपुर गया था।
इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल के बल पर विपुल का बैग छीन लिया। बैग में 25 लाख रुपये, मोबाइल और अन्य दस्तावेज थे। पीड़ित और वहां मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा किया और नदीम नामक एक बदमाश को दबोच लिया।
हालांकि इस दौरान नदीम ने भागने के लिए गोली चला दी, जिसमें नरेश नामक व्यक्ति जख्मी हो गया। पुलिस ने नदीम को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की। नदीम ने अपने सभी सहयोगियों का नाम पुलिस को बता दिया।
नजीब लूटपाट की रकम को ठिकाने लगाता था
- फोटो : demo pic
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गैंग में शामिल अन्य पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि इनमें नजीब आम आदमी पार्टी का नेता है और गिरफ्तार नावेद का भाई है।
नजीब लूटपाट की रकम को ठिकाने लगाता था। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर 16 लाख रुपये और अन्य सामान बरामद कर लिए।
जांच में पता चला कि बदमाशों ने सिविल लाइंस, उस्मानपुर, सीलमपुर, जाफराबाद, दिलशाद गार्डन और बाड़ा हिंदू राव सहित अन्य इलाकों में 20 से अधिक लूटपाट और झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की छानबीन में जुटी है।