रोहिणी इलाके में पुलिस ने स्पा की आड़ में चल रहे देहव्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने स्पा चलाने वाले दो लोगों व दस युवतियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रोहिणी नार्थ थाना पुलिस को रोहिणी सेक्टर सात में स्थित एक स्पा में देह व्यापार का धंधा चलाने की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारियों को इस बाबत जानकारी दी गयी। बृहस्पतिवार को पुलिस की टीम उक्त स्पा पर पहुंची। एक सिपाही को नकली ग्राहक बनाकर स्पा के भीतर भेजा गया।
दो हजार रुपये में सौदा तय होने के बाद सिपाही को एक लड़की अंदर बने कमरे में ले गयी। सिपाही ने पाया कि अंदर में चार कमरे बने हुए हैं। जिनमें बिस्तर लगे हुए हैं। सिपाही ने स्पा के बाहर मौजूद टीम को फोन कर इशारा कर दिया। पुलिस की टीम ने तुरंत स्पा पर छापा मारा और वहां मौजूद दस युवतियां समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मंजीत और पीयूष पाटर्नरशिप में स्पा को संचालित करते थे। गिरफ्तार लोगों में मंजीत और पीयूष भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गये लोगों से पूछताछ कर पता करने की कोशिश की जा रही है कि यह कब से इस धंधे को अंजाम दे रहे थे।