उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में बृहस्पतिवार सुबह स्कूल में बच्चों के बीच हुए झगड़े में सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त प्रिंस उर्फ अवधेश (13) के रूप में हुई है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया है। इधर, परिजनों ने स्कूल के बाहर खूब हंगामा किया और स्कूल के पास ही मालिक के घर पर पथराव भी किया। प्रिंस के साथ झगड़ा करने वाले आरोपी छात्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस उर्फ अवधेश परिवार के साथ सी-38, गली नंबर-13, फेस-10 शिव विहार में रहता था। इसके परिवार में पिता अरविंद, मां कांति, एक भाई वंश व चार बहनें हैं। अरविंद सिलाई का काम करता है। जबकि प्रिंस पास ही गली नंबर-8 स्थित सरस्वती ज्ञान पब्लिक स्कूल में सातवीं में पढ़ता था।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 9.45 बजे स्कूल में प्रिंस का क्लास के एक छात्र से झगड़ा हो गया। छात्र ने प्रिंस का गला पकड़कर उसे धक्का दे दिया। प्रिंस का सिर दीवार में लगा और वह गिर गया। बेहोशी की हालत में स्कूल प्रशासन फौरन उसे गोयल नर्सिंग होम ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।