कृष्णा नगर इलाके में एक स्क्रैप डीलर की हत्या के मामले में शामिल दो बदमाशों को सीलमपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से पुलिस ने दो पिस्टल और नौ कारतूस मिले हैं।
बदमाशों ने खुलासा किया है कि व्यवसायिक वर्चस्व को लेकर एक स्क्रैप डीलर ने सुपारी देकर उसकी हत्या करवायी थी। पुलिस आरोपी स्क्रैप डीलर की तलाश शुरू कर दी है। जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्य ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी रिहान (32) और फैजान (24) के रूप में हुई है।
22 नवंबर को सीलमपुर थाना पुलिस को दोनों बदमाशों के शास्त्री पार्क इलाके में आने की सूचना मिली। एसीपी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम बताये गये जगह पर घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आये दो युवकों को पुलिस ने रूकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों वहां से भागने लगे और एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने पीछा कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
बदमाशों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें रुपयों की जरूरत थी। ऐेसे में सीलमपुर निवासी स्क्रैप डीलर अनवर अहमद अली ने उन्हें ब्रह्मपुरी निवासी स्क्रैप डीलर जफर कुरैशी की हत्या करने पर मोटी रकम देने का वायदा किया।
उसी के कहने पर उनलोगों ने कृष्णा नगर इलाके में जफर कुरैशी की गोली मारकर कर हत्या कर दी। घटना के बाद से दोनों दिल्ली के अलग अलग इलाके में पुलिस ने छिप कर रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि अनवर अहमद अली और जफर कुरैशी अवैध स्क्रैप का धंधा करते थे। इस बात को लेकर उनके बीच व्यवसायिक झगड़ा चल रहा था। बदमाशों के खुलासे के बाद पुलिस सुपारी देकर हत्या करवाने वाले अनवर की तलाश में जुट गयी है।