नोटबंदी के बीच नमक खत्म होने की अफवाह से दिल्ली के कुछ दुकानदार के यहां नमक लूट लिया गया तो कइयों ने खूब मुनाफा कमाया। राजधानी के कई इलाकों में 17 रुपये प्रति किलो की थैली पचास रुपये से लेकर सौ रुपये के बीच बिकी।
पुरानी दिल्ली की थोक मार्केट खारी बावली में दुकानों के बाहर रखीं नमक की बोरियां लोग उठाकर ले गए। भीड़ नमक की बोरियां लूट रही थी, लेकिन दुकान की सुरक्षा में तैनात गार्ड कुछ नहीं कर सके। थोक व्यवसायी आलम ने बताया कि भीड़ करीब 30-40 बोरियां उठाकर ले गईं।
वहीं, दुकानदार तरुण का कहना है कि सुबह छह बजे लूट का पता चला, लेकिन जब तक पहुंचा भीड़ नमक की बोरियां उठाकर ले जा चुकी थी। न्यू कोंडली थोक मार्केट के व्यवसायी एमएल गर्ग ने बताया कि शुक्रवार देर शाम नमक की खूब बिक्री हुई।
हालांकि नमक की कमी नहीं है। खुले पैसे की दिक्कत के चलते पीछे से नमक की सप्लाई कम हुई है। क्योंकि दुकानदारों की पेमेंट रुक गई है। गोल मार्केट के कश्मीर जनरल स्टोर के अमित गुप्ता कहते हैं कि नमक कोई खुले पैसे देकर खरीदने आए तो दुकानदार तो मना नहीं करेगा। हालांकि लोगों ने दो से तीन पैकेट खरीदे।
बड़े परिवार के लोग इतने पैकेट तो खरीदते ही हैं। नमक की ही नहीं, कई अन्य सामान की सप्लाई भी कम हो गई है। क्योंकि डीलर नए नोट या खुले पैसे में भुगतान मांग रहा है। जबकि नए नोट और खुले पैसे की कमी अभी भी बनी हुई है।
ग्राहक उधार पर सामान ले गए हैं, जब वहां से पैसे आएंगे, तभी डीलर को दे पाएंगे। खोड़ा, दल्लुपुरा, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, पुरानी कोंडली गांव, सीलमपुर, शाहदरा, ओखला, संगम विहार, उत्तम नगर,जामिया नगर, जामा मस्जिद समेत कई इलाकों में शुक्रवार रातभर नमक बिकता रहा।