दो जनवरी को दिल्ली सदर बाजार में दो ज्वेलर से डेढ़ करोड़ के जेवर लूटने वाले सात बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए बदमाशों में से चार साहिबाबाद के रहने वाले हैं।
वारदात को एक चाय वाले की मुखबिरी पर अंजाम दिया गया था। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने साढे़ 12 लाख रुपये और लाखों के जेवर, दो पिस्टल, कारतूस और चाकू मिले हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि मौके से सीसीटीवी फुटेज मिली, जिसके जरिए पुलिस की टीम ने ज्योति नगर के मीतनगर निवासी महेंद्र को पकड़ा।
महेंद्र की निशानदेही पर गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी मनीष शर्मा, अरुण नागर, जसपाल, आरिफ खान, विवेक विहार निवासी रोशन गुप्ता और खारी बावली निवासी सरजू को गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों ने बताया कि सरजू ज्वैलरी शॉप के पास चाय की दुकान पर काम करता है। उसी ने मुखबिरी की थी। बदमाशों ने जेवरात किशन नाम के युवक को बाजार में बेचने के लिए दे रखे हैं। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह है मामला
अहमदाबाद के रहने वाले भरत और प्रवीण दिल्ली के ज्वेलरों से ऑर्डर लेकर अहमदाबाद से जेवरात बनवाने का काम करते हैं।
दो जनवरी को दोनों डेढ़ करोड़ के जेवरात लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से लाहौरी गेट आने के लिए आटो में सवार हुए। कुतुब रोड पर दो बाइक पर सवार बदमाशों ने उनसे चाकू के बल पर जेवरात लूट लिए थे।