बिजनौर से चीनी की बोरियों से भरा ट्रक लूटने वाले दो लुटेरों को साहिबाबाद पुलिस ने जवाहर पार्क से शनिवार को धरदबोचा। हालांकि उनके साथी पांच ट्रक लुटेरे अभी भी फरार हैं। पुलिस ने चीनी की बोरियों से भरा ट्रक भी बरामद कर लिया है।
एसएचओ साहिबाबाद उपेंद्र यादव ने बताया कि पिछले सप्ताह बिजनौर के हल्दौर से चीनी की बोरियों से भरा एक ट्रक बदमाशों ने लूट लिया था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह ट्रक जवाहर पार्क लाया जा रहा है, जहां चीनी का सौदा होना है।
एसआई सुनील नेगी ने टीम के साथ जाकर छापामारी की और दो आरोपियों को धर दबोचा। साथ ही चीनी की 60 बोरियां और लूटा गया ट्रक भी बरामद किया गया। आरोपी अकरम निवासी जवाहर पार्क और साजिद निवासी हापुड़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दोनों से पूछताछ पर पुलिस को पता चला कि उन्होंने अमजद, शौकीन, वसीम, गुरफान और नौशाद निवासी मेरठ के साथ मिलकर ट्रक लूटा था। एसएचओ साहिबाबाद ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक ने शनिवार को थाने में तबीयत खराब होने का ड्रामा किया था, जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया था।
बाद में डॉक्टर ने सेहत सामान्य बताई जिसके बाद उसे वापस हवालात में डाल दिया गया। रविवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।