यमुना एक्सप्रेसवे पर लूटपाट और गैंगरेप की पीड़ित महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
यमुना एक्सप्रेसवे से मात्र ढाई किमी दूर राजमार्ग पर जेवर से बुलंदशहर जा रहे परिवार के साथ बदमाशों ने जमकर लूटपाट और सामूहिक दुष्कर्म किया। बुधवार देर रात बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे स्क्रैप कारोबारी के परिवार की कार रोककर छह बदमाशों ने चार महिलाओं के साथ बलात्कार किया और विरोध करने पर परिवार के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी। नौ लोगों के इस परिवार के नकदी व आभूषण भी लूट लिए गए।
बदमाशों ने जुलाई 2016 में मां-बेटी के साथ हुए गैंगरेप की तरह ही इस परिवार की मारुति ईको को भी लोहे की वस्तु फेंककर रोका और फिर चार महिलाओं केा सड़क से 400 मीटर दूर खेतों में ले गए। विरोध करने वाले जेवर निवासी स्क्रैप कारोबारी को वहीं गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। कारोबारी को बहन के बीमार होने और उन्हें खुर्जा से बुलंदशहर रेफर किए जाने की खबर देर रात को मिली।
इलाज के लिए पैसों का बंदोबस्त कर कारोबारी अपने दो सालों, दो सलहजों, अपनी व ड्राइवर की पत्नी तथा एक बच्चे के साथ रात करीब 1.30 बजे बुलंदशहर के लिए निकल पड़े। यमुना एक्सप्रेस से लगभग ढाई किमी दूर बुलंदशहर मार्ग पर पहुंचे ही थे कि गाड़ी के टायर से कुछ टकराने की आवाज आई। ड्राइवर ने गाड़ी से उतरकर देखा तो गाड़ी का एक टायर पंचर पाया। टायर बदलने के दौरान ही उसे पिछला टायर भी पंचर होने का पता चला।
ड्राइवर ने टायर मंगाने के लिए रात 1.37 बजे परिवार के मुखिया से गाड़ी मालिक को फोन करवाया। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हथियारों के दम पर सभी को बंधक बना लिया। इस बीच फोन चालू था और गाड़ी मालिक ने उनकी बातें सुनकर 100 नंबर कॉल कर दिया। पुलिस को सूचना देने के बाद वह अन्य लोगों के साथ परिवार को ढूंढने निकल पड़ा।
इधर, बदमाश परिवार को जबरन खेतों में ले जाने लगे। सड़क किनारे झोपड़ी के बाहर सो रहे बुजुर्ग ने बदमाशों की आवाज सुनी तो वे विरोध करने लगे। बदमाश बुजुर्ग को भी जबरन अपने साथ ले गए। बदमाशों ने तड़के तीन बजे तक पीड़ित परिवार को बंधक बनाए रखा और दरिंदगी की। उनके 47 हजार रुपये और आभूषण लूट लिए। बदमाश एक-एक कर महिलाओं को कुछ दूरी पर ले जाकर उनसे दुष्कर्म करने लगे। पीड़ितों और परिवार को तलाशते हुए पुलिस डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक बदमाश भाग चुके थे। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पीड़ित महिलाओं का मेडिकल कराया गया।