कोतवाली परिसर से बृहस्पतिवार शाम छेड़छाड़ का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। अब पुलिस आरोपी के पकड़े जाने से ही इंकार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार को कोतवाली में तैनात एक सब इंस्पेक्टर तिबड़ा रोड से छेड़छाड़ के आरोप में एक युवक को पकड़कर कोतवाली में लाए थे।
सब इंस्पेक्टर आरोपी युवक को कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मियों के हवाले कर गश्त पर चले गए। देर रात सब इंसपेक्टर पकड़े गए युवक से पूछताछ करने के लिए कोतवाली में पहुंचे तो पता चला कि युवक भाग चुका है।
इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। हालांकि अब पुलिस मामला दबाने के चलते किसी भी युवक के पकड़े जाने से इंकार कर रही है। एसएचओ दीपक शर्मा का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है।