दिल्ली के पटेल नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात कार से टकराने के बाद तीन युवकों ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके दोस्त की पिटाई कर दी और बाद में एक युवक ने प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है।
पटेल नगर थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विनीत राजपूत (37) सपरिवार वेस्ट पटेल नगर में रहता है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। विनीत बृहस्पतिवार रात पटेल नगर स्थित अपने कार्यालय को बंद कर अपने दोस्त के साथ घर जा रहा था। कार्यालय से कुछ दूरी पर तीन युवक उसकी वर्ना कार से टकरा गए।
टक्कर लगने के बाद तीनों युवकों ने विनीत को कार से खींचकर नीचे उतारा और उसकी पिटाई शुरू कर दी। दोस्त ने बीच बचाव करने की कोशिश की। लेकिन तीनों आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। एक युवक ने पिस्टल निकानकर विनीत के पेट में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
विनीत के दोस्त ने उसे पास के बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार वाले भी घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे। विनीत की पत्नी ने सौ नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। अस्पताल पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की।
विनीत अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। प्रथम दृष्टया में पुलिस इसे रोडरेज का मामला मान रही है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रॉपर्टी विवाद व अन्य पहलूओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।