फिल्मी अंदाज में फर्जी इन्कम टैक्स अधिकारी बन लाखों की लूट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोहाना के पुरानी सब्जी मंडी रोड के पास ओमप्रकाश जैन के घर पर गुरुवार को फिल्मी अंदाज में फर्जी इन्कम टैक्स अधिकारी बनकर आए चार-पांच लोग ठग कर चले गए।
पहले फर्जी इन्कम टैक्स अधिकारियों ने घर की पूरी तलाशी ली और उसके बाद स्टोर के ताले को तोड़कर उसमें रखे लोहे के संदूक से पैसे और जेवरात से भरा बॉक्स उठाया और उसका ताला तोड़ने की बात कहकर बाहर आ गए और बाक्स को अपने साथ लेकर नौकर को कार में बैठा लिया।
इसके बाद उसे शहर के बीच में छोड़कर बॉक्स लेकर चले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का मुआयना किया और पीड़ित के बयान दर्ज किए।
वार्ड संख्या-11 निवासी ओमप्रकाश जैन के घर गुरुवार दोपहर लगभग सवा दो बजे चार-पांच अज्ञात युवक पहुंचे। ओमप्रकाश नीचे के कमरे में थे। उन लोगों ने उनसे कहा कि वे इन्कम टैक्स अधिकारी हैं और उनके घर की तलाशी लेनी है।
ओमप्रकाश जैन की अनुमति के बाद फर्जी इन्कम टैक्स अधिकारियों ने पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। जब कहीं कुछ नहीं मिला तो इन लोगों ने स्टोर के ताले को लोहे के रूंबे से तोड़ा और स्टोर के अंदर संदूक में रखे लोहे के बॉक्स को निकाला।
जैन ने बताया कि उस बॉक्स में ताला लगा था और उसी में नकदी व जेवरात रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि नकली अधिकारियों ने उसका ताले खोलने की बात कही और ताला नहीं खोलने पर सिल लगाने का नाम लेकर उस बाक्स को नीचे लाए और नौकर दौलत राम को साथ लिया तथा गाड़ी में बैठाया।
महावीर चौक पर नौकर को उतारकर फर्जी इन्कम टैक्स अधिकारी रफूचक्कर हो गए।