त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अमन के शहर गाजियाबाद को असामाजिक तत्वों की नजर लग सकती है। इंटेलीजेंस इनपुट है कि चुनाव में असामाजिक तत्व किसी बात को तूल देकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं।
लिहाजा पुलिस रंजिश का रजिस्टर तैयार कर सांप्रदायिक बवाल में पकड़े गए लोगों को रडार पर लेगी। ऐसे बंदियों की लिस्ट तैयार करेगी, जिनसे चुनाव प्रभावित हो सकते हैं।
चिंहित कर ऐसे बंदियों को दूर की जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। व्हाट्सएप पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने वाला है। पुलिस ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आईजी (मेरठ जोन) आलोक शर्मा ने इस संबंध में सभी जिलों को गाइडलाइंस भेजी हैं, जिसमें चुनाव को प्रभावित करने वाले बंदियों को दूर की जेल भेजने, रंजिश का रजिस्टर तैयार और पूर्व में हुए सांप्रदायिक बवालों के दौरान पकड़े गए लोगों को रडार पर लेने की हिदायत दी है।
व्हाट्सएप से अफवाहें बड़ी जल्दी और दूर तक फैल जाती हैं, लिहाजा ऐसे भड़काऊ पोस्ट करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुरुस्कार घोषित आरोपियों को जेल भेजा जाए।
एसएसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में बवाल या सौहार्द बिगाड़े की कोई स्पेसेफिक सूचना तो नहीं है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने या बवाल करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे लोग सलाखों में होंगे। किसी को भी कानून व्यवस्था नहीं बिगाड़ने दी जाएगी।