दरोगा के निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जख्मी हो गया। घायल को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सिहानी चुंगी के पास मास्टर कालोनी में रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। मृतक के जीजा ने दरोगा के खिलाफ सिहानी गेट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएचओ ने बताया कि मास्टर कालोनी में आईटीबीपी में तैनात सब-इंस्पेक्टर अवधपाल रहते हैं। वे मकान का निर्माण करा रहे हैं। सुबह उनके मकान में काम चल रहा था, तभी उसकी तरफ की दीवार ढह गए और लेंटर भरभराकर गिर गया। वहां काम कर रहे मजदूर खुशहाल (40) और बलराम मलबे में दब गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाया। खुशहाल की मौत हो चुकी थी, जबकि बलराम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुशहाल अतरौली के अलीगढ़ का रहने वाला था और यहां घूकना में रहता था। बलराम बिजनौर का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि मलबे में दबकर भैंस और कटिया की भी मौत हुई है। रिपोर्ट मृतक के जीजा बाबूलाल निवासी बुलंदशहर ने दर्ज कराई है, जिसमें दरोगा पर लापरवाही और गलत मैटेरियल लगाने का आरोप लगाया गया है।
पुरानी दीवार बनी वजह
एसएचओ ने बताया कि मकान की एक दीवार पुरानी और कमजोर थी, जो लेंटर का भार नहीं झेल सकी और ढह गई। उसके साथ लेंटर भी गिर गया।
नंदग्राम में लेंटर गिरने से आठ लोग हुए थे घायलः एक सप्ताह पहले नंदग्राम में एक बिल्डिंग का लेंटर गिरने से मलबे में दबकर 8 लोग घायल हो गए थे।