गांव कोहंड में पारिवारिक विवाद को लेकर एक दामाद ने शनिवार की रात को अपने ससुराल के लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। गांव में तिहरे हत्याकांड की वारदात से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक गर्ग एवं डीएसपी राजकुमार शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और चारों तरफ नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश जारी कर दी।
कोहंड निवासी प्रेम सिंह की लड़की सोनिया की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व पानीपत निवासी नरेंद्र के साथ हुई थी। सोनिया कई दिनों से अपने बच्चों के साथ अपने मायके कोहंड में आई थी। शनिवार को नरेंद्र ने अपनी पत्नी सोनिया को ससुराल ले जाने के लिए फोन किया। लेकिन सोनिया ने जाने से मना कर दिया।
बताया जाता है कि उसके बाद सोनिया के ससुर ने भी सोनिया को ससुराल आने के लिए फोन किया, लेकिन सोनिया के परिजनों ने उसे भेजने से मना कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार काफी दिनों से नरेंद्र व उसकी पत्नी में परिवारिक विवाद चला हुआ था। सोनिया के पानीपत न आने से नरेंद्र का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया और शनिवार की रात को करीब 2 बजे नशे की हालत में अपने एक साथी के साथ गांव कोहंड पहुंचा।
घर में किसी विवाद को लेकर नरेंद्र ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और अपने साले श्रीपाल (30) के सीने व कनपटी पर गोलियां दाग दी। इसके बाद घर में घुस कर चारपाई पर लेटी अपनी सास रामप्यारी (60) को गोली मारी। जब नरेंद्र की पत्नी सोनिया और उसे रोकना चाहा, तो उन्हें धक्का देकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
नरेंद्र के सिर पर खून सवार था और वह हथियार लहराते हुए अपने साथियों के साथ खेत में जा पहुंचा, जहां खेत में सो रहे अपने ससुर प्रेम सिंह (62) व उसके पास सो रहे नौकर रविंद्र को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
नरेंद्र द्वारा खेले गए इस खूनी खेल श्रीपाल, उसके पिता प्रेम सिंह, नौकर रविंद्र की जान चली गई, जबकि श्रीपाल की मां रामप्यारी पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती है और जिंदगी और मौत से लड़ रही है। तीन लोगों की हत्या से परिवार में मातम छा गया।