उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने एक ऐसे गैंग तीन सदस्यों को दबोचा है जो महिलाओं के पकड़े पहनकर सड़क किनारे खड़े होकर लोगों को आकर्षित करते थे। जैसे ही बाइक व कार सवार उनके झांसे में आकर रुकता था, आरोपी उस पर हमला कर लूट लिया करते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी विनय उर्फ पेठा (22),अभिषेक उर्फ आशु (23) और अर्जुन उर्फ गोगा (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए छह मोबाइल फोन व चोरी की एक बाइक बरामद की है। पुलिस के गैंग के कुछ अन्य आरोपियों की तलाश है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ.अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि शुक्रवार को एंटी रॉबरी और स्नेचिंग सेल की टीम को सूचना मिली थी कि शास्त्री पार्क, शराब के ठेके पास लूटपाट करने वाले गैंग के कुछ बदमाश चोरी की बाइक पर आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाल बिछा दिया।
इधर, पुलिस की भनक लगते ही आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया। छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपियों के पास से बरामद बाइक को इन लोगों ने शकरपुर इलाके से चोरी किया था। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि अपने गैंग के सदस्य शंकर, मोनू उर्फ खेतवाला, विशाल उर्फ चीनू, इमरान उर्फ छक्का और चाइनीज के साथ मिलकर यह लोग वारदातों को अंजाम दिया करते थे। इमरान चीनू सड़क पर महिलाओं के कपड़े पहनकर और मेकअप कर खड़े हो जाते थे। जैसे ही कोई इनके चंगूल में फंसता था, वैसे ही आरोपी उसे लूट लिया करते थे। कुछ मामलों में लघु शंका करने के दौरान व सड़क से गुजरने के दौरान पथराव कर भी लूटा जाता था। पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।