मौर्या एंक्लेव इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल के बल पर दिन दहाड़े दो कर्मचारियों की पिटाई कर 37 लाख रुपये लूट लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि महेश गोयल सपरिवार पीतमपुरा इलाके में रहता है।
उसका तेल का कारोबार है और वह गुजरात से सामान मंगवाकर दिल्ली के कई इलाकों में सप्लाई भी करता है। बृहस्पतिवार दोपहर महेश ने अपने दो कर्मचारियों पवन मिश्रा और शैलेष शुक्ला को 37 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए दिए।
दोनों कर्मचारी स्कूटर से पीतमपुरा स्थित बैंक में रुपये जमा करने के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब 12:50 बजे जैसे ही दोनों रिंग रोड पर पहुंचे, तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।