बुजुर्ग की हुई थी पीट-पीटकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पहासू थाना क्षेत्र के गांव सोही में हुई गुलाम अहमद की हत्या के मामले में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। वारदात वाले दिन आरोपियों के बीच मोबाइल से हुए संपर्क की कॉल डिटेल उनकी परेशानी बढ़ा सकती है।
कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किस आरोपी ने किस-किसको कब और कितनी बार फोन किया। किसके इशारे पर सभी आरोपी एकत्र हुए। पुलिस भागे हुए मुख्य आरोपी गवेंद्र की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
27 अप्रैल की शाम पहासू थाना क्षेत्र के एक गांव से युवती लापता हो गई थी। उसके पिता ने सोही निवासी दूसरे समुदाय के युवक यूसुफ के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने दो मई की सुबह गांव सोही निवासी गुलाम अहमद की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
मृतक के पुत्र ने हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता गवेंद्र और 5-6 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस गवेंद्र को मुख्य आरोपी मान रही है, लेकिन वह वारदात के बाद से भागा हुआ है। पुलिस ने आनन-फानन में तीन आरोपी पुलकित, हनी और ललित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसके बाद पुलिस को जांच में पता चला कि कई और आरोपी इस वारदात में शामिल थे। एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि नामजद आरोपी और अन्य आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
कॉल डिटेल के आधार पर पता लगाया जा रहा है कि किसकी कॉल पर और कौन-कौन गांव में वारदात के लिए एकत्रित हुआ था। जिसके आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।