अजमेर में एक फैशन डिजायनर ने पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताडनाओं से परेशान होकर खुदकुशी का प्रयास किया। फिलहाल उसका जेएलएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फैशन डिजायनर सेम डेविड ने शनिवार को विषाक्त पीकर खुदकुशी का प्रयास किया। जब परिजनों ने उसकी तबीयत बिगड़ते देखी तो उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज जारी है। डेविड की जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने पत्नी प्रियंका और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दी जाने वाली प्रताड़नाओं से तंग आकर मौत को गले लगाने की बात लिखी। डेविड ने लिखा कि वर्ष 2014 में उसका विवाह मध्यप्रदेश के धार निवासी प्रियंका से हुआ। शादी के बाद से अधिकांश समय उसकी पत्नी पीहर में ही रही।
जब भी यहां रहती उसके मां बाप के साथ झगड़ा करती। फरवरी माह में वह अपने पीहर गई और अलग नहीं रहने पर उनके खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवाने की धमकियां दे रही है। इससे वह डिप्रेशन में चल रहा था और इसी कारण यह कदम उठा रहा है। क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।