गुरुग्राम के गांव बजघेड़ा में रविवार गोली मारकर की गई विक्रांत की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पूछताछ के लिए बुधवार को अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा। अभी पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। हत्या क्यों की गई, इसका खुलासा भी बुधवार को ही होने की संभावना है।
बता दें कि झज्जर जिले के गांव दुलीना निवासी नेपाल के बेटे विक्रांत (25) की पांच फरवरी की शाम बजघेड़ा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी उसे दिल्ली केबाबा हरिदास नगर से साथ लेकर यहां आए थे।
इस मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर थाना पालम विहार पुलिस ने झज्जर निवासी विकास, दिल्ली के नजफगढ़ निवासी अंशुल व राहुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थी, जो कि आरोपियों की तलाश कर रही थी।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी राहुल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार के मुताबिक, बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा, ताकि हत्या के कारणों का खुलासा हो सके तथा उसके अन्य आरोपी साथियों के बारे में सुराग मिल सके।