पालम इलाके में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। बदमाश ने बड़ी बहू की गिरफ्तारी की झूठी खबर घर पर देकर छोटी बहू को बाहर भेज दिया और फिर बुजुर्ग सास को झांसा देकर घर से लाखों के जेवरात उड़ाकर रफूचक्कर हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस चोरी और ठगी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी न किसी रूप से पीड़ित परिवार को जानता था। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर बदमाश की पहचान करने में जुटी है।
साक्षी बलूनी (27) पति सुशील, सास देवसरी और जेठानी डिंपल के परिवार के साथ पालम गांव में रहती है। बुधवार दोपहर साक्षी अपनी सास के साथ घर में मौजूद थी। उसकी सास अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान बाइक से एक युवक आया।
युवक ने देवसरी से पूछा कि डिंपल भाभी का घर कौन सा है। देवसरी ने बताया कि यही घर है। उसके बाद युवक देवसरी को उसके घर की पहली मंजिल पर ले गया। युवक ने बताया कि डिंपल ने एक लड़की को अपनी कंपनी में नौकरी पर रखवाया था। लड़की कंपनी में चोरी कर फरार हो गई है। इसी वजह से पुलिस ने डिंपल को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक ने साक्षी और उसकी सास को बताया कि पुलिस ने डिंपल को दादा देव मंदिर के पास पकड़कर रखा हुआ है। पुलिस कभी भी घर पर दबिश दे सकती है। साक्षी डिंपल को देखने के लिए घर से निकली। युवक ने साक्षी से कहा कि वह अकेले वहां पहुंचे, तब तक वह दूसरे रास्ते से आ रहा है।
साक्षी उक्त मंदिर के पास पहुंची, लेकिन वहां उसकी जेठानी नहीं मिली। युवक के भी नहीं आने पर वह कुछ देर इंतजार करने के बाद घर आ गई। घर आने पर उसकी सास ने बताया कि युवक दुबारा घर आया था और डिंपल द्वारा गहने मंगाने की बात कहकर सारे गहने अपने साथ ले गया। ठगी का एहसास होने पर साक्षी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।