बाहरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में रविवार एक ही समुदाय के दो गुटों में जमकर बवाल हुआ। दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। महिलाओं समेत लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों और बोतलों से हमला शुरू कर दिया।
खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर वैन को भी भीड़ ने निशाना बना दिया। चार पीसीआर समेत कुल 12 वाहनों को लोगों ने तोड़ दिया । वहीं, बवाल में तीन पुलिसकर्मियों समेत 12 लोग जख्मी हो गए।
केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस ने बलवा करने और शांति भंग करने के आरोप में आठ लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बवाल रविवार देर रात 11 बजे रोहिणी सेक्टर-16 स्थित गली नंबर-4 और गली नंबर-6 में हुआ।