पश्चिम दिल्ली के मुंडका इलाके में छह साल के मासूम की मौसी से शादी करने के लिए एक युवक ने एक तरफा प्यार में बच्चे को अगवा कर लिया। आरोपी बच्चे को मारने की धमकी देकर शादी का दबाव बना रहा था।
शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मासूम को बिहार से सकुशल मुक्त कराकर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान पिंटू कुमार (22) के रूप में हुई है। गत 14 सितंबर को स्कूल के बाहर से आरोपी मासूम को अगवा कर बिहार ले गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि मुंडका निवासी सलमा (बदला हुआ नाम) ने अपने छह साल के बेटे के अगवा होने की शिकायत पुलिस से की थी। बच्चा पास के निगम स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। सलमा ने पुलिस को बताया कि उसका जानकार पिंटू कुमार बच्चे को स्कूल से अगवा कर ले गया है।