दिल्ली के द्वारका साउथ इलाके में बदमाशों द्वारा बिजली सब स्टेशन के स्टोर रूम में गार्डों को बंधक बनाकर करीब एक करोड़ रुपये के बिजली के सामान की लूटपाट करने का मामला सामने आया है।
चौंकाने वाली बात ये है कि बदमाशों ने तीन दिन के अंतराल में दो बार लूटपाट को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। बदमाश सारा सामान गाड़ी पर लादकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
द्वारका सेक्टर-5 में विकास योजना के तहत सब स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। यहां सामान को रखने के लिए स्टोर बनाया गया है। 12 जून की सुबह स्टोर में काम करने वाले सत्यम ने स्टोर का ताला टूटा हुआ देखा।
अंदर गया तो वहां तैनात गार्ड राकेश कुमार सिंह हाथ-पैर बंधे हुए मिला। उसने बताया कि रात में आठ-दस बदमाश टाटा वाहन से आए थे। बदमाशों ने उसे हथियार के बल पर काबू कर लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए और स्टोर का ताला तोड़कर कॉपर वायर, केबल, पीतल का सामान व अन्य सामान वाहन पर लादकर फरार हो गए।
गार्डों को बंधक बनाया और विरोध करने पर उनकी जमकर पिटाई की
power sub station
- फोटो : अमर उजाला
जांच में पता चला कि बदमाश करीब 40 लाख का सामान लूटकर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और स्टोर इंचार्ज मानस कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने डकैती की धाराओं में केस दर्ज करने की बजाए हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस अभी इस मामले की जांच कर ही रही थी कि बदमाशों ने एक बार फिर 13 जून की रात सब स्टेशन के स्टोर रूम पर धावा बोल दिया और लूटपाट कर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने गार्डों को बंधक बनाया और विरोध करने पर उनकी जमकर पिटाई की।
बाद में गार्ड के हाथ-पैर बांधकर स्टोर से करीब 60 लाख का सामान लूटकर फरार हो गए। बदमाश यहां से 25 बैटरी, 10 सोलर पीस, कॉपर वायर, केबल के अलावा अन्य सामान लूट ले गए। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भागने से पहले बदमाश स्टोर में चूरन वाले नोट फेंककर गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि किसी नए गैंग ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।