दिल्ली के द्वारका साउथ इलाके में बदमाशों द्वारा बिजली सब स्टेशन के स्टोर रूम में गार्डों को बंधक बनाकर करीब एक करोड़ रुपये के बिजली के सामान की लूटपाट करने का मामला सामने आया है।
चौंकाने वाली बात ये है कि बदमाशों ने तीन दिन के अंतराल में दो बार लूटपाट को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। बदमाश सारा सामान गाड़ी पर लादकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
द्वारका सेक्टर-5 में विकास योजना के तहत सब स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। यहां सामान को रखने के लिए स्टोर बनाया गया है। 12 जून की सुबह स्टोर में काम करने वाले सत्यम ने स्टोर का ताला टूटा हुआ देखा।
अंदर गया तो वहां तैनात गार्ड राकेश कुमार सिंह हाथ-पैर बंधे हुए मिला। उसने बताया कि रात में आठ-दस बदमाश टाटा वाहन से आए थे। बदमाशों ने उसे हथियार के बल पर काबू कर लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए और स्टोर का ताला तोड़कर कॉपर वायर, केबल, पीतल का सामान व अन्य सामान वाहन पर लादकर फरार हो गए।