नोएडा के सेक्टर-59 स्थित कंपनी में काम करने वाले एक अधिकारी के पास बस एक कॉल आई और फिर उनके बैंक अकाउंट से हजारों रुपये चंद सेकंड में निकाल लिए गए। दरअसल, फोन करने वाले ने खुद को बैंक के कॉल सेंटर का शख्स बताकर फंसाया, खाते की जरूरी जानकारी हासिल की और फिर मोबाइल पर पासवर्ड जनरेट कर दिया।
जैसे ही अधिकारी ने फोन करने वाले को ये पासवर्ड बताया, उनके खाते से रुपये निकाले जाने के मैसेज आने शुरू हो गए। जब तक उन्होंने अपना अकाउंट ब्लॉक करवाया, हजारों रुपये निकाले जा चुके थे।
नोएडा समेत एनसीआर में आए दिन ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लिहाजा, फोन पर किसी से अपने अकाउंट की जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतें। क्योंकि ऐसा करने पर आपके खाते से रुपये निकाले जा सकते हैं। पुलिस जबतक इन जालसाजों पर नकेल कसने की कोशिश करती है, ये कोई नया तरीका ईजाद कर लेते हैं।
फोन पर रहें सतर्क
1. पासवर्ड या डेबिड-क्रेडिट कार्ड नंबर या फिर पिन नंबर की जानकारी फोन पर देते वक्त ये ध्यान रखें कि कॉल बैंक के अधिकृत कॉल सेंटर से आई है या नहीं।
2. एक्सपायरी डेट, सीवीवी-1 या सीवीवी-2 की जानकारी भी अधिकृत कॉल सेंटर नंबर के अलावा किसी बाहरी कॉल पर न दें।
3. वन टाइम पासवर्ड किसी को भी फोन पर न बताएं। अधिकृत कॉल सेंटर से फोन किए जाने पर भी वन टाइम पासवर्ड पूछा नहीं जाएगा, बल्कि इसे डायल करने के लिए कहा जाएगा।
अकाउंट की चाभी है आपका ई-मेल
अकाउंट से संबंधित ई-मेल की सुरक्षा बेहद जरूरी है। हैकर्स अक्सर ई-मेल हैक कर गोपनीय जानकारी जुटाते हैं। नया पासवर्ड जनरेट करते हैं, जिसकी जानकारी ई-मेल पर आती है और फिर हैकर्स खाते से रुपये निकाल लेते हैं।
ऐसे में ई-मेल नोटिफिकेशन काफी काम आता है। जिसके बाद आपके द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सिस्टम के अलावा किसी और सिस्टम पर ई-मेल खोलने के लिए मोबाइल पर कंफर्मेशन मांगा जाएगा।
साइबर सेल प्रभारी विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी बाहरी कॉल पर पूरी तरह भरोसा मत करें। किसी भी जानकारी के लिए स्वयं अपने बैंक के कॉल सेंटर फोन कर जानकारी या सुविधा हासिल करें।
इन बातों का रखें ध्यान
- अपने ई-मेल, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड के पासवर्ड हमेशा अल्फा-न्यूमेरिक-वर्ड रखें।
- नंबरों और अक्षरों के साथ अल्फा, गामा, बीटा जैसे प्रतीकों का भी उपयोग करें।
- एक ही पासवर्ड काफी समय तक लोग उपयोग में न लाएं।
- 15 से 30 दिनों के भीतर पासवर्ड बदलना बेहतर होता है।