ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा अस्पताल के पास बृहस्पतिवार को कार सवार चार युवकों ने एक छात्रा के अपहरण का प्रयास किया। लेकिन, वहां मौजूद छात्रों के दौड़ने पर अपहरणकर्ता भाग गए।
उधर, जब छात्रा रिपोर्ट दर्ज कराने कासना कोतवाली पहुंची तो दारोगा ने उसे नसीहत दे डाली। उसने छात्रा से कहा कि वह अकेले न घूमा करें, सहेलियों के साथ चला करें।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा बिजनौर की रहने वाली है और ग्रेनो के एक कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रही है। वह बीटा-वन में किराये पर रहती है। छात्रा घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान एक मारुति स्विफ्ट आकर रुकी। उसमें चार युवक सवार थे, जो नशे में धुत थे। उन्होंने छात्रा से छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी और विरोध करने पर छात्रा के अपहरण का प्रयास किया।
दारोगा की नसीहत से छात्रा परेशान
युवक छात्रा को कार में खींचने लगे तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के छात्र उस ओर दौड़े। कार सवार युवक लोगों को अपनी ओर आता देख छात्रा को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित छात्रा ने परिचितों को घटना के बारे में बताया तो वह भी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद वे कासना कोतवाली शिकायत करने पहुंचे, लेकिन वहां तैनात दारोगा ने बिना शिकायत लिए ही वापस लौटा दिया। साथ ही छात्रा को नसीहत दे डाली कि अकेली न चला करें, बल्कि अपनी सहेलियों के साथ गुट में ही चलें।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। अगर ऐसी कोई घटना है तो रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों की तलाश की जाएगी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।